हापुड़। उत्तराखंड में हो भारी बारिश के कारण लैंड स्लाइड होने से रेलमार्ग प्रभावित हो गया है, इस कारण अनेक ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से निरस्त कर दिया गया। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली मसूरी एक्सप्रेस भी नजीबाबाद से देहरादून के बीच निरस्त रही।
हरिद्वार-मोतीचूर के बीच लैंड स्लाइड होने के कारण रेल मार्ग बाधित हो गया। साथ ही ओएचई भी क्षतिग्रस्त हुई, इस कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। दिल्ली से देहरादून के बीच चलने वाली मसूरी एक्सप्रेस ट्रेन को नजीबाबाद से देहरादून के बीच संचालन निरस्त रहा और नजीबाबाद तक ही ट्रेन का संचालन किया गया। बुधवार को देहरादून से दिल्ली जंक्शन को जाने वाली ट्रेन छह घंटे 45 मिनट देरी से हापुड़ रेलवे स्टेशन आई।
प्रतापगढ़ जंक्शन से दिल्ली जंक्शन जा रही पद्मावत एक्सप्रेस तीन घंटे, प्रयागराज से सहारनपुर जा रही नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे 20 मिनट, मुरादाबाद से चलकर गाजियाबाद को जा रही मेमू ट्रेन एक घंटा, राधिकापुर से आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस एक घंटा, लखनऊ से चलकर मेरठ जा रही राज्यरानी एक्सप्रेस एक घंटा, बरेली से भुज को जाने वाली आला हजरत एक्सप्रेस आधा घंटा, डिब्रूगढ़ से लालगढ़ जा रही अवध असम एक्सप्रेस आधा घंटा, टनकपुर से दिल्ली जंक्शन जा रही पूर्णागिरी जनशताब्दी एक्सप्रेस आधा घंटा देरी से आई।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि बारिश के चलते रेलवे लाइन प्रभावित हो रही है, जिस कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है। जल्द ही संचालन में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।