यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में रविवार देर शाम राधा कृष्णा जूट और आरआरके पॉलीमर कंपनियों में भीषण आग लगी, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। फायर ब्रिगेड आग बुझाने में जुटी है।
यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में रविवार देर शाम राधा कृष्णाजूट और आरआरके पॉलीमर कंपनियों में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग से लाखों के नुकसान की संभावना है। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने के प्रयास में जुटी थीं और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल था।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरआरके पॉलीमर कंपनी में देर शाम अज्ञात कारणों से अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्टरी में दूध के पैकेटों को पैक करने के लिए प्लास्टिक के बोरों का निर्माण होता है। इसके साथ ही आग ने पास की राधा कृष्णा जूट फैक्टरी को भी चपेट में ले लिया। इस फैक्टरी में गत्तों का निर्माण होता है। सूचना पर हापुड़ के अलावा आसपास के जिलों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाया गया। देर शाम तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल था। अधिकारियों के अनुसार आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है।
एमजीआर इंडस्ट्रलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन उपाध्यक्ष धीरज तोमर ने बताया इससे पूर्व भी यूपीएसआईडीसी क्षेत्र में कंपनी में आग लगने की गंभीर घटना सामने आ चुकी है, जिसमें भारी नुकसान हुआ था। लगातार दो प्रमुख इकाइयों में आग लगने की घटनाओं ने पूरे औद्योगिक क्षेत्र को दहशत के साए में ला दिया है। यूपीएसआईडीसी फायर ब्रिगेड स्टेशन प्रभारी सचिन बालियान ने बताया कि नौ बजे तक छह गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। दमकल विभाग पूरी तरह से आग बुझाने पर काम कर रहा है। जल्दी ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।