थाना देहात में हाइवे पर कर में लगी आग। स्रोत वीडियो ग्रैब
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मेरठ बाईपास पर बुधवार की देर रात चलती कार में अचानक आग लग गई। कार से धुआं निकलता देख कार चालक व अन्य लोगों ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कार काफी जल चुकी थी।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि दिल्ली के जाकिर नगर निवासी चालक करीम अहमद अपनी कार में एक दंपती परिवार को लेकर बुधवार की देर रात दिल्ली से गांव असौड़ा जा रहे थे। इनमें दो बच्चे भी शामिल थे। मेरठ बाईपास पर पहुंचने पर उसकी चलती कार में अचानक आग लग गई। कार से धुआं निकलता देख करीम ने दंपती को जल्द कार से निकलने को कहा। इसके बाद सभी कार से निकल गए और अपनी जान बचा ली। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। हाईवे के एक तरफ कार में आग लगने से यातायात बाधित हो गया। इसके बाद उन्होंने कार में आग लगने की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी। सूचना पर थाना देहात पुलिस व दमकल विभाग की टीम पहुंच गई। इसके बाद दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया लेकिन तब तक आग पूरी तरह जल चुकी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
सीओ ने बताया कि कार में आग लगने से पहले ही इसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए थे। किसी प्रकार कोई जनहानि नहीं हुई है। समय रहते हुए दमकल कर्मियों ने आग पर काबू भी पा लिया था।