धौलाना स्थित जूतों की दुकान में लगी आग से जला सामान। संवाद
- फोटो : 1
धौलाना। कस्बा के मुख्य चौक पर मंगलवार को एक जूते-चप्पल की दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना में करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
पुलिस के अनुसार यूपी ग्रामीण बैंक के पास आरडी फुटवियर नाम की दुकान में सुबह करीब 11 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इससे आसपास अफरातफरी मच गई।
दुकान मालिक दुष्यंत ने बताया कि बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी निकली, जिससे आग भड़क उठी। आग ने दुकान में रखे जूते-चप्पलों के बड़े स्टॉक को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में अग्निशमन टीम की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगने की संभावना है। लोगों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।