धौलाना स्थित केमिकल की फैक्टरी में आग लगने के बाद उड़ता धुआं। संवाद
धौलाना। थाना क्षेत्र स्थित यूपीएसआईडीसी क्षेत्र के फेज एक में बृहस्पतिवार की शाम को लक्ष्मी केमिकल फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग से आसपास की तीन फैक्टरियां भी चपेट में आ गईं। कई गाड़ियों की मदद से दमकल कर्मियों ने घंटों कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। विभाग फैक्टरियों में हुए नुकसान की आकलन कर रहा है।
औद्योगिक क्षेत्र के अग्निशमन अधिकारी सचिन बालियान ने बताया कि बृहस्पतिवार को यूपीएसआईडीसी क्षेत्र के फेज एक स्थित लक्ष्मी केमिकल फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली। दमकल की कई गाड़ियों के साथ कर्मियों को मौके पर भेजा गया। प्राथमिकता आग को नियंत्रित करने और आसपास की इकाइयों को सुरक्षित रखने की रही। एहतियात के तौर पर आसपास मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और क्षेत्र को खाली कराया गया।
आग की भयावहता के चलते कई फैक्ट्री संचालक अपने प्रतिष्ठानों से सामान सुरक्षित निकालने में जुट गए। घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
एमजीआर इंडस्ट्रलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि शॉर्ट सर्किट या केमिकल रिएक्शन की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है। आग पूरी तरह बुझने और तकनीकी जांच के बाद वास्तविक कारण और नुकसान का आकलन किया जाएगा। 13 जून को भी वीडीएच आर्गेनिक प्राइवेट लिमिटेड में भीषण आग लगी थी।
धौलाना स्थित केमिकल की फैक्टरी में आग लगने के बाद उड़ता धुआं। संवाद