शादी में दहेज नहीं लाने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव डेहरा रामपुर निवासी धर्मेंद्र की पत्नी अन्नू ने थाने में तहरीर दी है।
जिसका उल्लेख किया गया है कि उसने दो वर्ष पहले धर्मेंद्र के साथ कोर्ट मैरिज की थी। उसका पति गढ़ में चाय की दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है।
शादी के कुछ दिनों बाद ही उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की मांग कर अभद्रता करनी शुरू कर दी। विवाहिता का आरोप है कि बुधवार को उसका पति दुकान पर गया था, इसी बीच उसके ससुर, दो जेठ और जेठानी उसके साथ गाली-गलौच करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए घर से निकाल दिया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसओ आरके शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।