कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी महिला को दहेज की खातिर ससुरालियों ने मारपीटकर घर से भगा दिया। आरोप है कि जेठ ने पीड़िता से रेप की कोशिश की। पीड़िता ने एसपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी कार्यालय में दिए शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि उसका निकाह 18 माह पूर्व गढ़मुक्तेश्वर निवासी युवक से हुआ था। निकाह में मिले दान-दहेज से उसके ससुराल वाले खुश नहीं थे। वह दहेज में कार व एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
विरोध करने पर महिला से मारपीट करते थे। 12 अगस्त को आरोपियों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता अपने माता-पिता के घर में रह रही है। 14 अगस्त को वह अपने घर पर अकेली थी।
तभी उसके ससुराल वाले पहुंचे और घर में घुसकर मारपीट करने लगे। विरोध करने पर जेठ ने उसके साथ रेप की कोशिश की। शोर सुनकर लोग पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। इस घटना की तहरीर लेकर वह कोतवाली गई,
लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। पीड़िता ने एसपी कार्यालय में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।