संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र निवासी विवाहिता को पति ने बेटी के साथ मायके भेजने के बाद अपनी प्रेमिका से विवाह कर लिया। आरोपी ने पहली पत्नी को तलाक भी नहीं दिया गया। जानकारी होने पर पत्नी से एसएसपी से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कोतवाली देहात के भूड़ क्षेत्र निवासी पीड़ित महिला ने बताया कि वह आगरा की रहने वाली है। दिसंबर 2018 को उसकी शादी बुलंदशहर के भूड़ क्षेत्र निवासी एक युवक से हुई थी। वह एक बच्चे की मां है। उसे पति और अन्य ससुरालवालों ने दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया। बीते दिनों विवाद होने पर पति ने उसे कुछ दिन के लिए मायके जाने के लिए कह दिया। इस पर वह अपनी बेटी के साथ मायके चली गई।
पीड़िता के अनुसार अब उसे पता चला है कि पति का किसी अन्य युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पति ने उसे तलाक दिए बिना उसकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर प्रेमिका से दूसरी शादी कर ली है। उसने ससुराल पहुंचकर विरोध जताया तो आरोपी पति और अन्य ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पति, सास, ससुर समेत चार ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने मामले में जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।