संवाद न्यूज एजेंसी
बुलंदशहर। बिजली की अघोषित कटौती और किसानों को परेशान करने का आरोप लगा बुधवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने हाइडिल कालोनी स्थित एसई कार्यालय पर हंगामा किया। किसानों ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की गलत नीतियों के कारण किसानों का नुकसान हो रहा है। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन के बाद किसानों ने नारेबाजी करते एसई को ज्ञापन सौंपा।
बुधवार को हाइडिल कालोनी स्थित एसई कार्यालय पर भाकियू टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष अरब सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अरब सिंह ने आरोप लगाया कि जिले में बिजली कटौती के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। इसके बाद भी बिजली निगम के अधिकारी समस्या को दूर करने के लिए तैयार नहीं हैं।
दूसरी ओर किसानों के ट्यूबवेलों पर जबरन मीटर लगाने की योजना तैयार की जा रही है, जिससे किसान परेशान हैं। एक ओर तो सरकार किसानों को फ्री बिजली देने की घोषणा कर रही है, दूसरी ओर मीटर न लगवाने पर किसानों को बिजली चोरी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। मांग की कि समस्या का समाधान करते हुए जल्द से जल्द किसानों को राहत दी जाए। करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन के बाद किसानों ने मांगों का ज्ञापन एसई को सौंपा। मौके पर दयाचंद त्यागी, कैप्टन बिशन सिंह, गजेंद्र सिंह, लोकेंद्र, लीलू प्रधान, वीरेंद्र यादव, आलोक चौधरी, रिंकू चौधरी, राम किशन सिंह मौजूद रहे।
दिनभर ट्रिपिंग से परेशानी, रात में कटौती से आफत
नगर के साथ पूरे जिले में बुधवार को दिन भर बिजली की आंख मिचौली जारी रही। स्थिति यह रही कि दिन में ट्रिपिंग और रात में तीन से चार घंटे की बिजली कटौती से भीषण गर्मी में लोग तिलमिला उठे। हर 15 मिनट पर हुई बिजली कटौती से लोगों के घरों में लगे उपकरण भी गर्मी से राहत नहीं दे पाए। अनूपशहर अड्डा बिजलीघर से जुड़े हीरापुर गांव में बुधवार को सात घंटे से अधिक बिजली कटौती रही। बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के मौसम में एबीसी केबल बदलने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
सौंदा हबीबपुर गांव में चार दिन से विद्युत आपूर्ति ठप
खुर्जा जंक्शन क्षेत्र के सौंदा हबीबपुर गांव में पिछले चार दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप है। गांव निवासी विक्की तोमर ने बताया कि रविवार सुबह ट्रांसफार्मर में फॉल्ट हो गया था, जिसके बाद गांव में करीब 150 से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई थी। देर शाम तक बिजली नहीं आई तो टोल फ्री नंबर पर फोन किया गया, जहां कोई संपर्क नहीं हो सका। पूरे दिन और रात को बिन बिजली के रहना पड़ा।
सोमवार को निगम के कर्मचारियों को फोन करके सूचना दी गई तो वह तारों को ठीक करके चले गए। कुछ देर बाद ओवरलोडिंग के चलते फिर से उपकरण में खराबी हो गई और बिजली चली गई। अंशुल का कहना है कि खेतों में पानी नहीं पहुंचने के कारण फसल खराब हो रही है और पशुओं को भी पीने का पानी नहीं मिल रहा है। ग्रामीण नेत्र पाल शर्मा ने बताया कि पीने के पानी की भी किल्लत बनी हुई है। घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ऊर्जा निगम के एक्सईएन अमित कुमार का कहना है कि मामले की जानकारी मिली है। गांव में ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य किया जा रहा है।
-24 घंटे में बिजली कटौती की स्थिति -
क्षेत्र कटौती
बुलंदशहर
04-05 घंटे
पहासू
07-08 घंटे
अनूपशहर 03-04 घंटे
जहांगीराबाद
04-06 घंटे
स्याना 08-10 घंटे
खानपुर
18-19 घंटे
खुर्जा 08-09 घंटे
ऊंचागांव
10-12 घंटे
बीबीनगर 08-09 घंटे