शासन से मार्च 2017 तक हापुड़ शहर को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए नगर पालिका को निर्देश मिला है।केंद्र सरकार की ओर से संचालित स्वच्छ भारत मिशन के तहत गरीब परिवारों को अनुदान राशि देकर उनके घरों में शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। योजना की शुरुआत वर्ष 2014 में की गई थी।
शासन की ओर से एक शौचालय के लिए कुल आठ हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई थी, जिसमें से आधी धनराशि प्रदेश सरकार व आधी धनराशि केंद्र सरकार को मुहैया करानी है। हाल ही में शासन ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रदेश की 151 नगर पालिकाओं को अपने क्षेत्रों को खुले में शौच मुक्त करने का लक्ष्य सौंपा है,
जिनमें हापुड़ नगर पालिका भी शामिल है। लक्ष्य के अनुसार नगर पालिका को अगले वर्ष मार्च तक नगर के हर घर में शौचालय का निर्माण कराना है। हापुड़ शहर में इन शौचालयों के लिए लगभग 1300 आवेदन मिले थे। जिनमें से 1040 पात्रों का चयन किया गया। इनमें से कुछ का निर्माण हो चुका है और कुछ का जारी है।
शासन से निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य मिलने के बाद नगर पालिका की नींद खुल गई है। संबंधित विभागों को इस संबंध में आदेशित कर दिया गया है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा का कहना है कि समय पर कार्य पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को कार्य में तेजी लाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
जिन शौचालयों का निर्माण पूरा हो चुका है उनका भौतिक सत्यापन भी किया जा रहा है। लक्ष्य के अनुसार कार्य पूरा कर लिया जाएगा।