झाड़ियों से अटा मतनौरा स्वास्थ्य केंद्र
- फोटो : अमर उजाला
मतनौरा गांव में लाखों रुपये की लागत से बना स्वास्थ्य केंद्र तालाब के गंदे पानी व झाड़ियों से अटा पड़ा है। यहां इलाज तो दूर चिकित्सक केंद्र तक भी नहीं पहुंच पा रहे हैं। सोमवार को एसीएमओ ने निरीक्षण कर ग्रामीणों की समस्या को सुना।
उन्होंने डीपीआरओ को तालाब की मेड़बंदी कराने के लिए पत्र भेजा है। मतनौरा गांव स्थित स्वास्थ्य केंद्र में एक एएनएम की तैनाती है, लेकिन तालाब की पाल का सही तरीके से भराव न होने के कारण गंदा पानी स्वास्थ्य केंद्र में भरा हुआ है, झाड़ियों से केंद्र अट चुका है।
यहां मरीजों को इलाज मिलना तो दूर केंद्र के अंदर जाना भी खतरे से खाली नहीं है। ग्रामीणों की शिकायत पर सोमवार को एसीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने टीम के साथ केंद्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान केंद्र की स्थिति देख वह भी हैरान रह गए। उन्होंने ग्राम प्रधान से संपर्क किया, लेकिन वह गांव में नहीं थे। एसीएमओ ने कुछ जिम्मेदार ग्रामीणों से वार्ता की और उनकी समस्या को सुना।
इसके बाद उन्होंने डीपीआरओ को पत्र भेजकर तालाब की पाल के भराव की बात कही है, ताकि तालाब का गंदा पानी केंद्र परिसर में न भरे। उन्होंने बताया कि जल्द ही ग्रामीणों को इस केंद्र पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।