संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित 31वीं ओपन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हापुड़ के खिलाड़ियों ने पांच कांस्य, एक रजत पदक सहित कुल छह पद जीते।
एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.विपिन गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन द्वारा 8 एवं 9 जून को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता लखनऊ और गाजियाबाद में कराई गई। इसमें हापुड़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 6 पदक प्राप्त किए।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष रविंद्र गुर्जर ने बताया कि वंशिका ने 400 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान, मनीष ने 400 मीटर बाधा दौड़ में तृतीय स्थान, प्राची ने 400 मीटर बाधा दौड़ में तृतीय स्थान, अभिषेक ने ऊंची कूद में तृतीय स्थान, अंजलि मावी ने 1500 मीटर में द्वितीय स्थान एवं विनोद राणा ने डैकेथलेन में तृतीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
एसोसिएशन के संरक्षक डॉ.सुदर्शन त्यागी ने बताया कि एथलेटिक्स एसोसिएशन जनपद में पिछले 10 वर्षों से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है। जिसका परिणाम है कि जनपद के बच्चे प्रतियोगिता में पदक प्राप्त कर रहे हैं। इस अवसर पर बधाई देने वालों में कुश्ती के राष्ट्रीय खिलाड़ी रामकुमार त्यागी, आयुष सिंघल, वीरसेन भारती, नवीन सचदेवा, सरदार जगदीप सिंह, तेजिंदर, देवेंद्रनाथ गौड़ मौजूद रहे।