नकली गेट पास से मंडी और सेल टैक्स की चोरी कर संभल से हरियाणा को ले जाए जा रहे हजारों कुंतल धान से भरे आधा दर्जन कनटेनर को पुलिस-प्रशासन ने दबोच लिया। ये नकली मंडी पास से सप्लाई ले जा रहे थे।
एसडीएम आरएन पांडेय के निर्देशन में सोमवार रात तहसील प्रशासन और पुलिस ने मेरठ रोड और हाईवे पर कई स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसमें मंडी और सेल टैक्स चोरी कर लगाई जा रही चपत का खुलासा हुआ।
पुलिस-प्रशासनिक की टीम ने संभल से हजारों कुंतल धान लादकर हरियाणा जा रहे 6 कनटेनर को रोक लिया। इनमें मिले दस्तावेजों की छानबीन की गई तो नकली गेट पास के माध्यम से हो रहे मंडी और सेल टैक्स की चोरी पकड़ में आई।
सभी कंटेनरों को पुलिस ने कब्जे में लेकर कृषि उप मंडी समिति परिसर में खड़ा करा दिया। इस कार्रवाई के दौरान दो कंटेनरों के चालक-परिचालक अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। अन्य कंटेनरों के चालकों-परिचालकों को पुलिस ने दबोच लिया।
नायब तहसीलदार एके शर्मा ने बताया कि धान से भरे कंटेनर से बरामद हुए गेट पास समेत अन्य दस्तावेज प्रथम दृष्ट्या फर्जी प्रतीत हो रहे हैं, जिन्हें जांच के लिए मंडी समिति कार्यालय हापुड़ को भेज दिया गया है।
मंडी समिति सचिव हर विलास सिंह का कहना है कि कागजात को जांच के लिए संभल के मंडी समिति सचिव को भेजा जाएगा। वहां से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई हो पाएगी।