फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: मंडी समिति निरीक्षक पर 40 हजार की रिश्वत लेने का आरोप

Thu, 09 Oct 2025 09:57 PM IST
गाजियाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, हापुड़
विज्ञापन
विज्ञापन
गढ़मुक्तेश्वर। धान व्यापारी ने मंडी समिति निरीक्षक पर 40 हजार की रिश्वत लेने के बाद भी ट्रक न छोड़ने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। व्यापारी की तहरीर पर निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
विज्ञापन


दिल्ली के नरेला निवासी धान व्यापारी यचित सरोहा ने कोतवाली में तहरीर दी है। जिनका कहना है कि बुधवार की शाम करीब साढ़े सात बजे उनका चालक जितेंद्र कुमार निवासी गांव चकौनी जिला रामपुर धान से भरा ट्रक लेकर दिल्ली की नरेला मंडी से बरेली के लिए चला था। गढ़ कोतवाली क्षेत्र में हाईवे 9 पर रात को गांव अल्लाबख्शपुर टोल प्लाजा से आगे एक व्यक्ति ने अपने आप को हापुड़ मंडी निरीक्षक बताते हुए ट्रक रुकवा लिया। जिसने धान के दस्तावेजों की जांच की। व्यापारी का कहना है कि मंडी समिति निरीक्षक गौरव चौहान ने दस्तावेजों में कमी बताते हुए एक लाख 36 हजार रुपये का जुर्माना लगाने की बात कही। चालक ने मोबाइल से उनकी बात गौरव चौहान से कराई। आरोपी ने मोबाइल पर बात करने के बाद 98 हजार रुपये का जुर्माना जमा कराने के लिए कहा। यचित का कहना है कि उन्होंने 98 हजार रुपये अपने चालक के खाते में मोबाइल एप के माध्यम से भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने चालक के खाते से 20-20 हजार रुपये के दो ट्रांजक्शन निजी खातों में कराए। वहीं, नौ हजार पांच सौ रुपये मुकेश नाम के व्यक्ति के खाते में भिजवा दिए, लेकिन कुछ ही देर बाद यह रकम ट्रक चालक के खाते में वापस कर दी। पीड़ित ने बताया कि जब चालक ने रसीद देने और गाड़ी छोड़ने के लिए कहा, तो आरोपी ने जबरन कई लोगों के खातों में धनराशि डलवाने का प्रयास किया, लेकिन चालक के खाते से धनराशि ट्रांसफर नहीं हो सकी। इसके कारण बाकी के 58 हजार रुपये ट्रांसफर नहीं हो सके।
बार- बार समझाने के बाद भी मंडी समिति निरीक्षक हापुड़ गौरव चौहान ने न तो जुर्माने की रसीद उनके चालक को दी और न ही ट्रक ही छोड़ा। वहीं, आरोपी बार-बार पैसों की मांग करता रहा। आरोपी ने रकम भी मंडी समिति के खाते में न डलवाकर निजी खातों में भिजवाई।
विज्ञापन

एसडीएम श्रीराम सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की गई। इसमें ट्रक चालक के मोबाइल से गौरव चौहान द्वारा उपलब्ध कराए गए क्यूआर कोड पर 40 हजार रुपये का ट्रांजक्शन होना पाया गया है। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।

सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि धान व्यापारी की तहरीर पर मंडी समिति निरीक्षक हापुड़ गौरव चौहान के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 7/13 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराते हुए आरोपी की तलाश कराई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें