मृतक के भाई मोनू शर्मा ने बताया कि उनके भाई रोहित अपने चार वर्षीय पुत्र यश और दो साल की पुत्री के साथ हापुड़ स्थित प्रीत विहार में रहते थे। वे हापुड़ डिपो में संविदा पर चालक के रूप में तैनात थे। जबकि उनका परिवार पैतृक गांव में रहता है। सोमवार सुबह रोहित दिवाली के मौके पर गांव में परिवार से मिलने और पूजन आदि के उद्देश्य से आए थे। परिवार और गांव के लोगों से मिलने और शाम को छह बजे पूजन के बाद वे बाइक से हापुड़ जाने के लिए निकले थे।
जैसे ही उनकी बाइक गांव के बाहर पहुंची तो एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी टक्कर हो गई। जिसमें रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर वे रोहित को लेकर स्थानीय अस्पताल में पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना से गांव में मातम छा गया और दिवाली की खुशियां गम में बदल गईं। पत्नी कामिनी का भी रो रोकर बुरा हाल था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक का गांव में ही अंतिम संस्कार किया गया।
सीओ सुनीता चौहान ने बताया कि परिजनों की ओर से फिलहाल तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।