शिवपुरी कॉलोनी को जाने वाली सड़क पर हुए गड्ढे। संवाद
हापुड़। बारिश के दौरान टूटी सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जाएगा। करीब 4.15 करोड़ रुपये से शहर के मुख्य मार्ग रेलवे रोड व अन्य मुख्य मोहल्लों में सड़कों का निर्माण होगा। इसके लिए नगर पालिका की ओर से टेंडर निकाल दिए गए हैं। इन मार्गों से हर दिन हजारों लोग गुजरते हैं, जिन्हें सड़कों पर गड्ढों के कारण आवागमन में परेशानी होती है। यह सभी कार्य दिसंबर माह में शुरू कराए जाएंगे।
पालिका की ओर से राज्य वित्त आयोग से यह विकास कार्य कराए जाएंगे। करीब 1.30 करोड़ रुपये से अतरपुरा चौराहे से रेलवे रोड पर स्टेशन की ओर बिटुमिन (डामर) सड़क का सुदृढ़ीकरण, 45.10 लाख रुपये से वार्ड नंबर-37 के मोहल्ला भगवती गंज में लगनेश सिंहल की दुकान से लेकर यादव चाय वाले व सुरेश गर्ग की तरफ, 44.50 लाख रुपये से वार्ड नंबर-37 के मोहल्ला शिवलोक में बेकरी के पास से लेकर स्वर्ग आश्रम रोड तक निर्माण किया जाएगा।
वहीं 34.03 लाख रुपये से मोहल्ला शिवपुरी में रेलवे रोड से लेकर अमेरिकन किड्स स्कूल से होते हुए डॉ. अनुभव कीर्ति के मकान तक और 99.85 लाख रुपये से वार्ड नंबर-34 के मोहल्ला श्रीनगर में डॉ. एसके सिंहल के पास से लेकर कृष्ण शास्त्री के मकान तक व पूर्व चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत के आसपास की गलियों तक हॉटमिक्स सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
मामले में ईओ संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि पालिका ने राज्य वित्त आयोग से टेंडर निकाल दिए हैं। दिसंबर माह में प्रक्रिया पूरी होगी। इसके तुरंत बाद कार्य शुरू हो सकेंगे।
असौड़ा रोड पर होगा नाले का निर्माण
पालिका की ओर से 23.64 लाख रुपये से वार्ड नंबर-26 के असौड़ा रोड पर गुर्जर वाली गली से लेकर मेरठ रोड पर गंगाराम पिंचर वालों की ओर आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही 37.11 लाख रुपये से वार्ड नंबर-24 के रामपुर रोड पर एसटीपी के सामने स्थित श्मशान घाट के जीर्णोद्धार का कार्य होगा।