लखनऊ में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव द्वारा घोषित टिकटों की सूची में गढ़ विधानसभा से मदन चौहान व हापुड़ विधानसभा क्षेत्र से तेजपाल के नाम पर मोहर लग गई है। दोनों के टिकट फाइनल होने से उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है।
सपा कुनबे में जारी कलह के बीच हापुड़ व गढ़ के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई। कलह के कारण संभावित प्रत्याशियों की धड़कने तेज थी। गढ़ विधानसभा क्षेत्र से पिछले तीन बार से चुनाव जीतते आ रहे
मनोरंजन कर राज्यमंत्री मदन चौहान पर एक बार फिर सपा हाईकमान ने भरोसा जताया है। हालांकि, गढ़ सीट से सतपाल यादव भी टिकट की लाइन में लगे थे। उधर, हापुड़ विधानसभा क्षेत्र से तेजपाल को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
जिले में बची धौलाना विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी के पत्ते खुलने अभी बाकी हैं। उधर, सपा में जारी रार के चलते दोनों सीटों के प्रत्याशियों के लिए यह घोषणा राहत लेकर आई है। टिकट की घोषणा होते ही दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
हापुड़ से प्रत्याशी तेजपाल ने बताया कि हाईकमान ने उनपर विश्वास जताया है, जिस पर वह खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा ही सरकार ही बनेगी।