गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी प्रेमी युगल ने शुक्रवार की सुबह गढ़ क्षेत्र में ट्रेन के सामने कूद कर आत्महत्या कर ली। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है।
गांव निवासी 18 वर्षीय युवक का गांव की ही कक्षा आठ की छात्रा से करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसको लेकर दोनों के परिजन विरोध कर रहे थे। बृहस्पतिवार की रात होलिका दहन के बाद युवक अपनी नाबालिग प्रेमिका को घर से लेकर फरार हो गया। इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार की सुबह दोनों के शव गढ़ कोतवाली क्षेत्र में स्याना रोड रेलवे फाटक के निकट ट्रेक पर पड़े मिले। सूचना पर आरपीएफ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गए और शवों को कब्जे में ले लिया।
- ननिहाल से होली खेलने गांव आई थी किशोरी
किशोरी गांव के ही परिषदीय स्कूल में पढ़ती थी। प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पहले तो उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन जब किशोरी और युवक नहीं माने तो परिजनों ने किशोरी को उसकी ननिहाल रहने के लिए भेज दिया। किशोरी होली का पर्व मनाने के लिए गांव आई थी।
- गांव में शोक, होली का रंग हुआ बदरंग
14 वर्षीय किशोरी और 18 साल के युवक द्वारा प्रेम प्रसंग के कारण आत्महत्या करने की सूचना के बाद परिजनों में तो कोहराम मच गया। वहीं, गांव के लोगों में भी शोक व्याप्त हो गया। दुल्हैंडी के दिन प्रेमी युगल द्वारा यह कदम उठाने से गांव में होली का रंग भी बदरंग हो गया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
- किशोरी और युवक के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। बहादुरगढ़ पुलिस को मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया है।- स्तुति सिंह, सीओ