गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव में गाजियाबाद से आई युवती ने युवक पर झूठ बोलकर न्यायालय में शादी करने के बाद धोखा देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। किसी तरह पुलिस हंगामा करने वाली युवती को थाने लेकर आई और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि युवती युवक के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी हुई है।
बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव में रहने वाला युवक पिछले काफी समय से गाजियाबाद में सब्जी बेचकर अपना पालन पोषण करता था। वहां उसका संपर्क एक युवती से हो गया। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग पिछले काफी समय से चल रहा था। 16 मई को दोनों ने अपने परिजनों की रजामंदी के बिना न्यायालय में जाकर शादी कर ली। उसके बाद दोनों एक साथ रह रहे थे, लेकिन काफी समय से युवक गाजियाबादअपने घर नहीं गया। जिससे परेशान होकर युवती ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन बंद आया। इसके बाद वह गांव पहुंच गई। जहां युवक के परिजनों ने उसके साथ अभद्रता करते हुए अपनाने से इन्कार कर दिया। जिसके बाद युवती ने वहां जमकर हंगामा किया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को समझाबुझा कर शांत कराया। थाने में पूछताछ के बाद पीडि़ता ने बताया कि आरोपी युवक ने उसके साथ यौन शोषण भी किया है। इस संबंध में सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि घटना गाजियाबाद क्षेत्र से जुड़ी हुई है, जहां युवती और युवक ने आपसी सहमति से न्यायालय में शादी की है। मामले की जांच की जा रही है, जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी।