हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव घुंघराला-भटैल मार्ग पर एक होमगार्ड की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर तीन बदमाशों ने सवा लाख रुपये लूट लिए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर खोजबीन की, लेकिन लुटेरों का पता नहीं चला। मोबाइल और बाइक नहीं लुटने पर पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
पुलिस के अनुसार भटैल गांव निवासी विजय होमगार्ड है। वह हापुड़ में तैनात है। उसने सर्व यूपी ग्रामीण बैंक मीरपुर से क्रेडिट कार्ड बनवाया था। क्रेडिट कार्ड से उस पर करीब 1.54 लाख रुपये से अधिक का कर्जा हो गया था।
बैंक कर्जा चुकाने का दबाव बना रहा था। बताया गया कि विजय ने गाजियाबाद इंदिरापुरम में रहने वाले अपने मामा महेंद्र के पुत्र नरेंद्र से उसने कर्जा लिया था। वह 15 दिसंबर को गाजियाबाद से रुपये लेकर आया और 17 दिसंबर को बैंक में जमा कर दिए। इसके बाद 19 दिसंबर विजय ने बैंक से करीब सवा लाख रुपये निकाले।
वह रविवार को रुपये देने के लिए बाइक से गाजियाबाद जा रहा था। घुंघराला-भटैल मार्ग पर एक व्यक्ति ने होमगार्ड की बाइक को हाथ देकर रुकवाया। तभी पीछे से और दो लोग गए।
उन्होंने तमंचा सटाकर होमगार्ड से कैश लूट लिया। वारदात के बाद विजय ने पुलिस को सूचना दी। काफी तलाश के बाद भी पुलिस बदमाशों का पता नहीं लगा सकी।