हापुड़। होली के दौरान लंबी दूरी के साथ ही लोकल मार्गों पर भी रोडवेज बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। लंबी दूरी की बसें किठौर, मोदीनगर, नोएडा मार्ग पर अतिरिक्त फेरे लगाने के बाद निर्धारित रूट पर दौड़ेंगी। बसों के फेरे बढ़ने से लोकल मार्गों पर भी यात्रियों को राहत मिलेगी।
हापुड़ डिपो से दिल्ली, रामनगर, लखनऊ, बरेली, सीतापुर, दिल्ली, नोएडा, किठौर, मोदीनगर सहित विभिन्न मार्गों पर 131 बसों का संचालन होता है। होली पर यात्रियों को घर पहुंचने में परेशानी न हो इसके लिए परिवहन निगम द्वारा बसों के फेरे बढ़ाए जाने का निर्णय लिया गया है। बरेली, हल्द्वानी, रामनगर, लखनऊ मार्ग पर संचालित होने वाली सभी बसें मोदीनगर और किठौर मार्ग पर एक एक फेरा लगाकर अपने निर्धारित मार्ग पर रवाना होंगी।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रणजीत सिंह का कहना है कि सभी मार्गों पर बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाने की तैयारी कर ली गई है। रोडवेज कर्मियों का अवकाश भी निरस्त कर दिया गया है। होली के दौरान आवागमन में लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।