हापुड़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सोमवार को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया। जिसमें 23 वादों का निस्तारण कर 26 लाख 27 हजार सात सौ 49 रुपये की धनराशि का सेटलमेंट किया गया।
अपर जिला जज व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव छाया शर्मा ने बताया कि जनपद न्यायाधीश व प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह की अध्यक्षता विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिसके लिए सभी न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों द्वारा 697 वाद चिन्हित किए गए थे। जिसमें एनआई एक्ट के 23 वादों का निस्तारण किया गया। जिसमें से मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विकास कुमार द्वारा दो वादों का निस्तारण कर सात लाख रुपये का सेटलमेंट किया गया। सिविल जज जूनियर डिविजन/न्यायिक मजिस्ट्रेट गढ़मुक्तेश्वर द्वारा एक वाद का निस्तारण किया। जिसमें एक लाख रुपये का सेटलमेंट किया। अपर सिविल जज जूनियर डिविजन/ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम गढ़मुक्तेश्वर द्वारा एक वाद का निस्तारण किया। जिसमें एक लाख दो हजार रुपये का सेटलमेंट किया। सिविल जज जूनियर डिविजन एफटीसी प्रथम ने छह वादों का निस्तारण कर दो लाख ग्यारह हजार पांच सौ रुपये का सेटलमेंट किया गया। अपर सिविल जज जूनियर डिविजन प्रथम द्वारा तीन वादों का निस्तारण कर पंद्रह लाख 14 हजार दो सौ 29 रुपये का सेटलमेंट किया गया। अपर सिविल जज जूनियर डिविजन द्वितीय द्वारा दस वादों का निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि 23 व 24 जनवरी को भी विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।