मंसूरपुर गांव में अवैध तरीके से विद्युत लाइन खींचने का आरोप लगाकर अवर अभियंता और उपखंड अधिकारी के खिलाफ ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता से शिकायत कर जांच कराने की मांग की।
मंगलवार को अतरपुरा बिजली दफ्तर पहुंचे मंसूरपुर के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में इन दिनों हाईटेंशन लाइन बिछाने का काम हो रहा है। यह लाइन बीच आबादी से निकाली जा रही है।
इस संबंध में अवर अभियंता और उपखंड अधिकारी से जानकारी की गई तो पता चला कि दोनों अधिकारियों की मिलीभगत से यह लाइन डाली जा रही है। उनका आरोप है कि गांव के रास्ते में करीब 200 मीटर की दूरी पर पड़ने वाली एक डेयरी को कनेक्शन देने के लिए यह खेल अधिकारियों ने खेला है।
ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता चंदन प्रकाश को शिकायती पत्र दिया है। अधिशासी अभियंता ने ग्रामीणों को जांच कराने का आश्वासन दिया है। प्रदर्शन में प्रधान जाहिद, सतीश कुमार, धर्मेंद्र, कैलाश चंद, परमानंद, सुधीर, अशोक कुमार, इंद्रजीत, रोहताश, कपिल आदि रहे।