जिले में हरियाली लाने के लिए वन विभाग 2.05 लाख पौधे लगाएगा। इसमें सामाजिक संगठनों से भी सहयोग लिया जाएगा। मानसून सत्र से जिले में विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
वन विभाग की ओर से प्रत्येक वर्ष जिले में पौधरोपण का कार्य किया जाता है। इस वर्ष भी विभाग को 2.05 लाख विभिन्न प्रजाति के पौधरोपण करने का लक्ष्य मिला है। इन पौधों को उन स्थानों पर लगाया जाएगा, जहां हरियाली कम है।
डीएफओ पीएन सिंह ने बताया कि लक्ष्य मिल गया है। अब जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। जिन स्थानों पर जमीन मिल रही है, वहां गड्ढे खुदवाने का काम शुरू करा दिया गया है।
लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, शिक्षा विभाग, हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण सहित कई अहम विभागों को 1.25 लाख पौधारोपण का लक्ष्य दिया गया है। इसके अलावा सामाजिक संगठनों और एनजीओ के माध्यम से भी पौधारोपण किया जाएगा।