बैंकों के बाहर कतारें कुछ सिमटती नजर आईं
- फोटो : अमर उजाला
शहर में सोमवार को बैंकों के बाहर कतारें कुछ सिमटती नजर आईं। अधिकांश बैंकों में कैश पहुंचाया गया, मुख्य बैंकों के बाहर भी ग्राहक कम संख्या में दिखाई पड़े। कई एटीएम भी चालू रहे, ऐसे में ग्राहकों ने राहत की सांस ली।
सोमवार को अचानक बैंकों में भरपूर कैश पहुंचा तो ग्राहकों ने राहत की सांस ली। सुबह के समय तो कुछ बैंकों के बाहर ग्राहकों की लंबी कतारें नजर आईं, लेकिन कुछ ही देर में कतारें सिमटती चली गईं। बैंकों से ग्राहकों को पर्याप्त कैश मिले।
गढ़ रोड स्थित पीएनबी और आईसीआईसीआई बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम भी चालू रहे। ऐसे में ग्राहकों को कई दिनों से झेलनी पड़ रही कैश की किल्लत से राहत मिली।
एलडीएम एपी चतुर्वेदी ने बताया कि सोमवार को बैंकों में पर्याप्त मात्रा में कैश भेजा गया था। इसलिए ग्राहकों को परेशानी नहीं हो सकी। जल्द ही हालात सामान्य हो जाएंगे।