फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: 20 गांवों की बीमार मिट्टी में पड़ेगी जान, तैयार होगा सुधार का प्लान

विज्ञापन
विज्ञापन
हापुड़। जिले के 20 गांवों की मिट्टी की सेहत सुधारने के लिए कृषि विभाग अब विशेष कार्ययोजना तैयार करेगा। इन गांवों से जुटाए गए दो हजार मिट्टी के नमूनों की जांच में सभी की रिपोर्ट खराब मिली है। खेतों की मिट्टी में जीवांश कार्बन के साथ फास्फोरस, पोटाश, जिंक और सल्फर जैसे जरूरी पोषक तत्वों की भारी कमी सामने आई है। लगातार घट रही मिट्टी की उर्वरक क्षमता कृषि विभाग के लिए चिंता का विषय बन गई है। अब इन गांवों में जैविक उर्वरक और हरी खाद के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। दरअसल, जिले में नकली उर्वरक बनाने वाली फैक्टरियों के पकड़े जाने के बाद खेतों की मिट्टी पर इनके दुष्प्रभाव को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
विज्ञापन

मृदा विशेषज्ञों के अनुसार, रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित इस्तेमाल और जैविक पदार्थों की कमी से मिट्टी में जीवांश कार्बन लगातार घट रहा है। जांच में इसकी मात्रा 0.2 से 0.5 के बीच मिली, जबकि सामान्य स्तर 0.8 होना चाहिए। इसी तरह फास्फोरस की उपलब्धता 50 किलो प्रति हेक्टेयर के मुकाबले केवल 18 किलो मिली। पोटाश भी 250 किलो के सापेक्ष 150 से 200 किलो ही उपलब्ध है। जिंक और सल्फर की मात्रा भी निर्धारित स्तर से कम पाई गई।
कृषि विभाग अब प्रभावित गांवों में किसानों को मिट्टी की सेहत सुधारने के उपाय बताएगा। खेतों में गोबर की सड़ी खाद, जैविक उर्वरक और हरी खाद के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जाएगा। फसल अवशेषों को जलाने के बजाय खेतों में उनका उचित प्रबंधन करने की सलाह भी दी जाएगी। इसके साथ ही मिट्टी की नियमित जांच कराकर जरूरत के अनुसार ही उर्वरकों का प्रयोग करने पर जोर रहेगा।
विज्ञापन


इन 20 गांवों से जुटाए गए थे सैंपल

जिले के 20 गांवों से दो हजार मिट्टी के नमूने जुटाए गए हैं। इन गांवों में छिजारसी, लाखन, गालंद, तिसौली खेड़ा, देहरा, लुखराड़ा, शेखपुर, शाहमीउद्दीनपुर, मलकपुर, ददायरा, खेड़ा दरियापुर, बीरमपुर, कनिया कल्याणपुर, मोहम्मदपुर आजमपुर, मुबारिकपुर सलामतपुर, पलवाड़ा, मोहम्मदपुर रुस्तमपुर, नानई नेकनामपुर, अलीपुर और बहापुर ठेरा शामिल हैं। इन सभी गांवों की मिट्टी में जीवांश कार्बन की बेहद कमी मिली है।
-

-ग्रामीणों को कर रहे जागरूक-

20 गांवों से मिट्टी के दो हजार नमूने जुटाए थे, इनमें पोषक तत्वों की काफी कमी मिली है। ग्रामीणों को हरी खाद, जैविक उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी जा रही है। मृदा स्वास्थ्य सुधारने के लिए भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है।योगेंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें