मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांवों के नौनिहालों के सुनहरे भविष्य की खातिर प्राइमरी स्कूलों को उपयोगी बनाने का जिम्मा खुद अपने हाथों में ले लिया है। उन्होंने गांवों के बच्चों को शिक्षा दिलाकर उन्हें श्रेष्ठ नागरिक बनने का मार्ग प्रशस्त करने का बीड़ा उठाया है।
सीएम ने सभी ग्राम प्रधानों को चिट्ठी लिखकर शिक्षा से वंचित बच्चों का नामांकन कराने की गुजारिश की है। यूं तो प्रत्येक वर्ष बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में दाखिले के लिए गांवों से लेकर शहर तक स्कूल चलो अभियान चलाया जाता है।
जिला मुख्यालय और विकास खंड स्तर पर स्कूली बच्चे रैली निकालते हैं। शिक्षक घर-घर जाकर अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हैं। उन्हें शिक्षा का महत्व बताया जाता है। बच्चों को स्कूल भेजने की गुजारिश की जाती है, लेकिन इस बार का स्कूल चलो अभियान खास होगा।
अभियान की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा भेजी गई चिट्ठी में गांव के मुखिया को प्रिय प्रधानजी कहकर संबोधित किया है।
भारत के संविधान में 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों के लिए निशुल्क और अनिवार्य शिक्षा के मौलिक अधिकार की व्यवस्था है। हम सबका दायित्व है कि इस आयु वर्ग के प्रत्येक बच्चे को विद्यालय में प्रवेश दिलाएं। शिक्षा से बच्चों के बौद्धिक विकास के साथ ही उसे देश के श्रेष्ठ नागरिक बनने का मार्ग प्रशस्त होता है।
रूढ़िवादिता और अंधविश्वास से मुक्त एक बेहतर समाज का निर्माण होता है। प्रारंभिक शिक्षा की सुव्यवस्था हमारी सरकार की प्राथमिकता है। बच्चों को निशुल्क पाठ्य-पुस्तकें, यूनीफार्म, गुणवत्तायुक्त दोपहर का भोजन उपलब्ध कराने और उनके पठन-पाठन की समुचित व्यवस्था के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।
सीएम ने चिट्ठी में लिखा है कि इस व्यवस्था का काफी बच्चों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसलिए 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों का शत प्रतिशत नामांकन करना हमारा लक्ष्य है। आपको जानकर खुशी होगी कि इसके लिए सरकार द्वारा एक से 31 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान संचालित किया जाएगा। इसे सफल बनाने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
सीएम ने चिट्ठी में कहा कि आपसे अनुरोध है कि कृपया इस पुनीत कार्य में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि शत प्रतिशत बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। मुझे पूर्ण विश्वास है कि स्कूल चलो अभियान में आपका बहुमूल्य योगदान अवश्य प्राप्त होगा।
क्षेत्र के प्रधानों को सीएम योगी की चिट्ठी मिल गई है। सीएम की चिट्ठी पाकर प्रधान गदगद हैं। उन्होंने स्कूल चलो अभियान में सहयोग करने का वादा भी किया है। देवेंद्र गुप्ता, बीएसए