धौलाना तहसील में लेखपालों ने सौंपे दस्तावेज।संवाद
धौलाना। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष के नेतृत्व में लेखपालों ने अपने अतिरिक्त क्षेत्र का चार्ज संबंधित राजस्व निरीक्षक कार्यालय में जमा करना शुरू कर दिया है।
अध्यक्ष निर्देश पाल ने बताया कि लंबित मांगों के समाधान को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने प्रदेशभर में अतिरिक्त हल्कों के कार्य का बहिष्कार शुरू कर दिया है। मंगलवार से लागू किए गए इस निर्णय के समर्थन में धौलाना तहसील क्षेत्र में भी लेखपालों ने अतिरिक्त कार्यभार छोड़कर संघ के आंदोलन में शामिल होने का निर्णय लिया है।
संघ के अनुसार बड़ी संख्या में लेखपाल स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके अलावा चयन वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची जारी करने, चयन वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा के परिणाम और प्रमाणपत्र घोषित किए जाने की मांग भी की जा रही है।
लेखपालों ने विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी की मांग भी उठाई है। संघ की ओर से भूलेख कार्यालयों और अन्य पटलों पर संबद्ध लेखपालों को उनके मूल कार्यक्षेत्र में वापस भेजने की मांग भी की गई है।
लेखपालों के अतिरिक्त हल्कों का कार्य छोड़ने से राजस्व संबंधी कार्यों पर इसका असर पड़ने की संभावना है। इस दौरान लेखपाल टिंकू राम, अनुज कुमार, संजीव चौधरी, रामवीर सिंह, राघवेन्द्र मलिक,गौरव चौधरी , रजनी राठौड़, सुनीता यादव, मोहिनी मौजूद रहे।