गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र में ग्रामीणों को तेंदुआ दिखाई दे रहा है, लेकिन वन विभाग ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है। सोमवार रात भी लड़पुरा के जंगल में एक किसान को तेंदुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर ग्रामीण भी पहुंच गए। काफी देर तक तलाश करने पर तेंदुआ नहीं मिला। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगवाने की मांग की है।
किसानों का कहना है कि इससे पहले पावटी, अक्खापुर, हशुपुर, मानकचौक, नवादा, डिबाई व अन्य स्थानों पर तेंदुए सामने आ चुके हैं। भाकियू टिकैत युवा मंडलाध्यक्ष जीते चौहान का कहना है कि इस समय त्योहारी सीजन चल रहा है। कार्तिक पूर्णिमा मेला आरंभ होने में भी अधिक समय नहीं है। मेला आरंभ होने पर क्षेत्र में बाहरी श्रद्धालुओं, दुकानदारों व अन्य लोगों का आवागमन बढ़ जाएगा। क्षेत्र में तेंदुए होने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि बार-बार किसानों और राहगीरों के सामने तेंदुए आ रहे हैं। लेकिन, वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उन्हें तलाश कर पाने में कामयाब नहीं हो पा रहे। उन्होंने कहा कि यदि वन विभाग ने जल्द ही ठोस कार्रवाई नहीं की तो भाकियू विभाग के खिलाफ आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि क्षेत्र में जहां भी तेंदुए अथवा कोई जंगली जानवार दिखाई देने की सूचना मिलती है, वहां पर टीम भेजकर जांच कराई जाती है। कई स्थानों से पंजों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। यदि तेंदुआ होने की पुष्टि होती है, तो विभागीय अधिकारियों की अनुमति से पिंजरा भी लगवाया जाएगा।