गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के गांव दौताई के जंगल में एक बार फिर से तेंदुए का जोड़ा दिखाई देने से किसानों में दहशत का माहौल बन गया है। गांव में एक माह पहले भी तेंदुआ दिखा था। वहीं, एक सप्ताह पहले पास के गांव अक्खापुर के जंगल में भी तेंदुआ दिखाई दे चुका है। वन विभाग द्वारा कोई कार्रवाई न करने से ग्रामीणों में रोष है।
तहसील क्षेत्र के गांवों में लंबे समय से तेंदुओं का आतंक बना हुआ है, गांव चित्तौड़ा, शंकराटीला, आलमनगर, सालारपुर चांदनेर, पौपाई, हैदरपुर, अक्खापुर के अलावा अन्य कई गांवों में समय-समय पर तेंदुए ग्रामीणों और किसानों के सामने आते रहे हैं। 12 जनवरी की शाम भी गांव अक्खापुर में किसान अरुण के खेत के चकमार्ग से तेंदुआ गन्ने के खेत में घुसकर गायब हो गया था, उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका है। वहीं, गांव दौताई निवासी राशिद प्रधान ने बताया कि शनिवार की शाम उनके चचेरे भाई आमिर खेत पर गए थे। वहां आमिर को गन्ने के खेत से दो तेंदुए बाहर आते हुए दिखाई दिए, जिन्हें देखकर वह बुरी तरह डर गए। हालांकि शोर मचाने पर तेंदुए गांव मानकचौक के जंगल की तरफ भाग गए। राशिद का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुए घूम रहे हैं, गांव के जंगल से काफी पहले तेंदुए का शावक पकड़ा भी जा चुका है। इसके बावजूद वन विभाग के अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे। वन क्षेत्राधिकारी करन सिंह ने बताया कि दौताई के जंगल में तेंदुए दिखने की कोई सूचना नहीं मिली है। यदि सूचना मिलती है, तो गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।