ट्रांसफार्मर की लीड में फाल्ट होने से शुक्रवार रात को मोहल्ला अलीनगर में दो घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। इस वजह से लोगों को भीषण गर्मी और पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। सूचना पर पहुंचे कर्मचारियों ने फाल्ट को ठीक कर आपूर्ति सुचारु कराई।
मोहल्ला अलीनगर को बिजली आपूर्ति दिल्ली रोड स्थित बिजलीघर से दी जाती है। शुक्रवार रात करीब 9 बजे मोहल्ले में लगे ट्रांसफार्मर की लीड में फाल्ट हो गया। इससे पूरे मोहल्ले में आपूर्ति बाधित हो गई। बिना रोस्टिंग के समय आपूर्ति बाधित होने से लोगों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में लोगों ने निगम कर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कर्मियों ने ट्रांसफार्मर की जांच की तो लीड फुंकी मिली। कर्मियों ने फाल्ट को दुरुस्त कर मोहल्ले की आपूर्ति बहाल की, तब कही जाकर नागरिकों ने राहत की सांस ली।
हालांकि दो घंटे तक आपूर्ति बाधित रहने से नागरिकों को गर्मी और पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। एसडीओ देवेंद्र कुमार का कहना है कि ओवर लोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर की लीड में फाल्ट हो गया था। उसे दुरुस्त कर नागरिकों को राहत दिला दी गई है।