तहसीलदार के खिलाफ अधिवक्ताओं के खिलाफ प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर तहसील परिसर में बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने तहसीलदार के खिलाफ खुलकर विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने तहसीलदार पर मनमानी और कार्यों में अनावश्यक देरी के आरोप लगाते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए और कामकाज से विरत रहे।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं ने दोपहर के भोजन अवकाश के बाद सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार की घोषणा की। इसके बाद सचिव जितेंद्र यादव के नेतृत्व में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन करते हुए परिसर में घूम-घूमकर नारेबाजी की। अधिवक्ताओं का आरोप है कि तहसीलदार की कार्यशैली के कारण न केवल उन्हें बल्कि वादकारियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजेंद्र सिंह ने कहा कि समय से फाइलों का निस्तारण नहीं होता, जिससे आम जनता के जरूरी कार्य लंबित पड़े रहते हैं। कई बार अधिकारियों से मिलने पर भी संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। अधिवक्ताओं ने बताया कि इससे पहले भी तहसीलदार के खिलाफ हड़ताल की जा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
तहसीलदार राहुल सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि उनके स्तर से कार्यों को नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निपटाया जाता है। कुछ मामलों में अधिवक्ताओं द्वारा अनावश्यक दबाव बनाया जाता है, जो नियमों के विरुद्ध होता है। तहसीलदार ने यह भी कहा कि यदि किसी अधिवक्ता को कोई समस्या है, तो वह सीधे आकर अपनी बात रखें, उसका समाधान करने का पूरा प्रयास किया जाएगा।