शासन की ओर से मेधावी छात्राओं को बांटे गए लैपटॉप में कई खराब निकल रहे हैं। ऐसे में सुविधा के बजाय मेधावियों को मायूसी हाथ लग रही है। शनिवार को एक छात्रा ने लैपटॉप की बैट्री खराब होने की शिकायत डीएम से की है,
इससे माध्यमिक शिक्षा विभाग के अफसरों में हड़कंप मच गया है। डीएम कार्यालय पर शिकायत करने पहुंची गांव भरना स्थित सरस्वती कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा रश्मि ने बताया कि उसे 18 दिसंबर को सरकार की योजना के तहत लैपटॉप मिला था,
लेकिन उसने घर जाकर जब लैपटॉप को चलाना चाहा तो वह नहीं चला। चार्ज करने के बावजूद भी लैपटॉप ऑन नहीं हो रहा था। ऐसे में छात्रा की खुशी मायूसी में बदल गई। इसकी शिकायत उसने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अफसरों से की,
लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका। छात्रा शनिवार को डीएम कार्यालय पहुंची, उसने शिकायती पत्र देकर समस्या के समाधान की मांग की। यह पहला मामला नहीं है, इसके अलावा भी कई छात्र लैपटॉप में खामी से परेशान है,
जो आए दिन डीआईओएस कार्यालय में शिकायत करने पहुंच रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक बीके शर्मा ने बताया कि मामले उनके संज्ञान में है। शासन को भी इस समस्या से अवगत कराया गया है। मेधावियों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।