सरकारी भूमि से कब्जा हटवाने के अभियान में बृहस्पतिवार को तहसील प्रशासन की टीम ने मलकपुर गांव में चारागाह व खोड़ा जमीन को कब्जामुक्त कराया। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा।
एडीएम रजनीश राय ने बताया कि मलकपुर गांव में चारागाह व खोड़ा की भूमि पर भूमाफियाओं द्वारा कब्जा किया हुआ था। तहसील प्रशासन की टीम ने बृहस्पतिवार को जेसीबी व ट्रैक्टर की मदद से जमीन को कब्जामुक्त कराया।
इस दौरान पुलिस व प्रशासन को हल्के विरोध का सामना करना पड़ा, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा बुझाकर ग्रामीणों को शांत कर दिया। उन्होंने चेतावनी दी है कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन गांवों में सरकारी भूमि पर कब्जा किया हुआ है, उन्हें चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करा दिया जाएगा।
एडीएम ने बताया कि शुक्रवार से एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स तेजी से कार्य करेगी। इसके लिए तैयारी कर ली गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि कब्जाधारी खुद अपना कब्जा हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा कब्जा हटाए जाने पर अतिक्रमणकारी से खर्चा भी वसूला जाएगा।