पिलखुवा। क्षेत्र के गांव गालंद में शराब की दुकान खुलने के विरोध में महिलाओं ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। वहीं हंगामे के दौरान शराब की दुकान के सेल्समैन शटर बंद कर मौके से भाग गए।
ग्रामीण निर्मला, सुमन, शीला, गीता, दिनेश, राहुल, महेंद्र, उमेश, ओमवीर, सतपाल व नरेश ने आरोप लगाया कि पहले यह दुकान गांव से बाहर थी, लेकिन अब इसे आवासीय क्षेत्र में लाने से युवाओं का रुझान शराब की तरफ बढ़ेगा और गांव का माहौल खराब होगा। उन्होंने बताया कि दुकान के आसपास अक्सर नशेड़ियों की भीड़ जमा होती है, जिससे स्कूल जाने वाली छात्राओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं बढ़ी हैं । शराब की दुकान स्कूल मार्ग पर होने से नशाखोरी और उपद्रव बढ़ जाएगा। पहले ही युवा पढ़ाई छोड़कर नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे परिवारों में तनाव है। बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। प्रशासन को तुरंत दुकान को हटाना चाहिए। इस मामले में ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि दुकान नहीं हटाई गई, तो वह बड़ा आंदोलन किया जाएगा।