हापुड़। अपर जिला जज एफटीसी द्वितीय न्यायालय ने दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहे दरोगा नागसेन आनंद के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पुलिस ने आरोपी के आवास पर नोटिस चस्पा कर दिया है।
जनपद हमीरपुर की एक महिला ने हापुड़ जनपद के एक थाने में तैनात दरोगा नागसेन आनंद मूल निवासी गांव ताहरपुर जनपद जालौन पर दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में 27 जुलाई 2011 का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की सुनवाई अपर जिला जज एफटीसी द्वितीय के यहां चल रही थी। लेकिन आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद से फरार चल रहा है। न्यायालय ने आरोपी नागसेन आनंद के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के मूल आवास गांव ताहरपुर जनपद जालौन पर कुर्की की कार्रवाई का नोटिस चस्पा कर दिया है। साथ ही पुलिस ने मनादी भी कराई गई।