गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के किसानों को अब खाद, बीज समेत अन्य समस्याओं के समाधान के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। शासन के निर्देश पर किसान कल्याण केंद्र के निर्माण के लिए पालिका ने भूमि चिन्हित कर एसडीएम को रिपोर्ट भेजी है। बजट उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
पालिका चेयरमैन राकेश कुमार बजरंगी ने बताया कि शासन के निर्देश पर एसडीएम अंकित कुमार वर्मा ने पालिका कार्यालय को पत्र भेजा था। जिसमें किसान कल्याण केंद्र की स्थापना कराए जाने के लिए भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने बताया कि बोर्ड बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव रखा गया। जिसमें सर्वसम्मति से भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि महमाई रोड पर (गढ़ बांगर) के खसरा संख्या 2812क में आठ सौ मीटर भूमि किसान कल्याण केंद्र की स्थापना के लिए उपलब्ध करा दी गई है। जिसकी सूचना एसडीएम कार्यालय को भेज दी गई है। एसडीएम अंकित कुमार वर्मा ने बताया कि किसान कल्याण केंद्र की स्थापना के लिए भूमि चिन्हित की जा चुकी है। जिसका प्रस्ताव उच्चाधिकारियों के द्वारा शासन को भेजा जा रहा है। बजट मिलते ही केंद्र का निर्माण चालू करा दिया जाएगा।
किसानों को एक ही छत के नीचे मिलेंगी सुविधाएं
कृषि विभाग के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक सतीश चंद्र शर्मा ने बताया कि अभी तक ब्लॉक क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे कृषि रक्षा इकाई स्थापित थी। लेकिन भूमि उपलब्ध होने के बाद किसान कल्याण केंद्र की स्थापना होगी। जिसके निर्माण के बाद क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों को प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा खाद, बीज, यंत्र व अन्य सामान की खरीदारी के लिए पंजीकरण कराना आसान होगा। इसके अलावा रवी, खरीफ की गोष्ठी सभागार में आयोजित कर किसानों को जानकारी दी जाएगी।