हापुड़। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि पाने वाले जिले के 80 हजार से अधिक किसानों को 30 जून तक फेशियल और बॉयोमेट्रिक ई-केवाईसी करानी होगी। इसके बिना किसानों को सम्मान निधि नहीं मिल सकेगी।
किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के रूप में हर चार महीने में दो हजार रुपये मिलते हैं। 20 किस्तें किसानों को दी जा चुकी हैं। पिछले दिनों फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य की गई थी। इसी के आधार पर किसान सम्मान निधि का लाभ दिया जाना लागू किया गया। अभी भी करीब दस फीसदी किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है।
अब किसानों के लिए फेशियल और बॉयोमेट्रिक ई-केवाईसी अनिवार्य कर दी गई है। इस प्रक्रिया को नहीं अपनाने वाले किसान पात्रता की सूची से बाहर हो जाएंगे। किसानों को 30 जून तक का समय दिया गया है।
उप कृषि निदेशक योगेंद्र कुमार ने बताया कि किसान फेशियल और बॉयोमेट्रिक ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से करा लें। इसके बिना सम्मान निधि नहीं मिल सकेगी। संवाद