सिंभावली। गांव खुड़लिया निवासी कौशल्या की मौत पानी में डूबने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि मृतका के भाई ने थाने में हत्या की तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है।
गांव निवासी कौशल्या देवी तीन दिन पहले घर से लापता हो गई थी। जिसके परिजनों ने दो दिन पूर्व थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार की सुबह कौशल्या का शव पास के गांव नयाबांस के निकट मध्य गंगा नहर में पड़ा मिला था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के भाई ने अपने जीजा के साथ ही अन्य परिजनों पर मकान बेचने को लेकर चल रहे विवाद में बहन की हत्या कर शव को नहर में डालने का आरोप लगाया था। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मौत का कारण पानी में डूबना पाया गया है। एक स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरों में महिला अकेले जाती हुई नजर आ रही है। इसके बावजूद दूसरे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कराई जा रही है।