हापुड़। उत्तर रेलवे के लखनऊ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मरम्मत कार्य के चलते ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा। इस दौरान हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस चार अप्रैल से 11 अप्रैल तक बदले मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान लखनऊ रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि लखनऊ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर चार अप्रैल से 11 अप्रैल तक निर्माण व विकास कार्य कराया जाएगा। इसके चलते ट्रैफिक व पॉवर ब्लॉक के कारण मंडल में संचालित होने वाली गाड़ियों का संचालन प्रभावित होगा। इसमें हापुड़ रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन भी शामिल है।
काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस आलमनगर-लखनऊ-उतरेटिया के स्थान पर आलमनगर-ट्रांसपोर्ट नगर-उतरेटिया के रास्ते संचालित होगी। ऐसे में लखनऊ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं हो सकेगा।
शुक्रवार के स्थान पर शनिवार को होगा सीतामढ़ी-दिल्ली स्पेशल ट्रेन का संचालन
सीतामढ़ी से दिल्ली को जाने वाली स्पेशल ट्रेन जो पहले 17 अप्रैल से दस जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होनी थी। इसके संचालन में परिवर्तन किया गया है। अब यह ट्रेन 18 अप्रैल से 11 जुलाई तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी और रात्रि 9:23 बजे रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।