हापुड़। करवाचौथ का पर्व रविवार को श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुहागिनों ने सोलह शृंगार कर दिनभर निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी आयु की कामना की। विधिवत पूजन कर चांद को अर्घ्य दिया और पति के हाथों पानी पीकर व्रत खोला। इसके बाद सास व बुजुर्गों के पैर छूकर सदा सुहागन होने का आशीर्वाद लिया।
करवाचौथ को लेकर सुबह से बाजार में रौनक देखने को मिली। बाजारों में शृंगार, सूट, साड़ी, चूडियां, ज्वैलरी आदि की खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी रही। वहीं ब्यूटी पार्लरों पर मेकअप कराने के लिए भी महिलाओं की कतार रही। आर्य नगर, जवाहर गंज, श्रीनगर, आवास विकास, शिवपुरी सहित विभिन्न मोहल्लों महिलाओं ने सामूहिक रूप से करवा चौथ की कथा सुनी। शाम के समय करवा का पूजन किया। रात्रि 7.55 बजे के बाद चंद्रोदय होने पर बाद छलनी में चांद का दीदार कर अपने पति की लंबी आयु की कामना की। पति की पूजा कर उनके चरण स्पर्श किए और उनके हाथों से जल पीकर व्रत खोला। वहीं महिलाओं ने सास के पैर छूकर सदा सुहागन होने का आशीर्वाद लिया।