अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2015 में नगर के मोहल्ला गणेशपुरा निवासी हाईस्कूल की छात्रा करुणा गौतम सफल हुई हैं।
उन्हें दिल्ली में मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने सम्मानित किया। करुणा हाईस्कूल कोटे में मेरठ मंडल से सम्मानित होने वाली इकलौती छात्रा है।
गणेशपुरा निवासी सुभाष चंद मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उनके छह बच्चों में करुणा पांचवें नंबर की है। वह नगर के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित एकेपी इंटर कॉलेज में 10वीं की छात्रा है।
करुणा का सपना पढ़-लिखकर देश सेवा में आगे बढ़ना है। करुणा ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा दी थी।
बुधवार को दिल्ली में मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी द्वारा उसे सम्मानित होने का मौका मिला। छह राज्यों के 38 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ही यह सम्मान मिला है।
करुणा ने बताया कि भविष्य में उसका सपना आईएएस बनने का है। अमर उजाला ने उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
सुभाष चंद ने बताया कि कक्षा तीन से नौवीं तक करुणा स्कूल टॉपर रही है। मेधावी छात्रा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरु, बहन-भाई को देती हैं।