गढ़मुक्तेश्वर। दिवाली के बाद खादर में लगने वाला कार्तिक मेला शुरू हो जाएगा। मंगलवार को डीएम अभिषेक पांडेय ने वैदिक रीति रिवाज से भूमि और गंगा मैया का पूजन किया। इसके बाद मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की गई। डीएम और एएसपी ने सख्त निर्देश दिए कि मेले में पशु दौड़, शराब का सेवन और शस्त्र लाने पर पाबंदी रहेगी। इस आदेश का सख्ती से पालन किया जाए।
डीएम अभिषेक पांडेय सुबह करीब साढ़े 11 बजे गंगा मैया के किनारे पहुंचे। जहां पंडित गोविंद शास्त्री, विनोद शास्त्री, विवेक कृष्ण अत्री, मोहन शास्त्री, गगन शास्त्री द्वारा कराए गए मंत्रोच्चारण के बीच वैदिक रीति रिवाज से पहले भूमि और फिर मां गंगा का पूजन किया। इस दौरान गंगा मैया की जलधारा में दूध की धार अर्पित करते हुए आरती की गई।
गंगा मैया के पूजन के बाद डीएम ने पास में ही बनाए हुए अस्थाई पंडाल में पहली समीक्षा बैठक की। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कार्तिक पूर्णिमा मेला एक धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। इसमें शराब का सेवन, पशु दौड़ और हथियार ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रवेश वाले रास्तों पर पुलिस के साथ ही आबकारी टीम द्वारा लगातार सघन चैकिंग की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से गंगा किनारे कोई भी दुकान नहीं लगने दी जाएंगी।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी शिशुपाल शर्मा ने बताया कि मेले के रास्ते में पड़ने वाले जलाशयों पर अस्थायी पुलों के साथ ही कई मील लंबी कच्ची सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। गंगा किनारे मुख्य स्नान घाट समेत अन्य सेक्टरों में जरूरत के मुताबिक स्नान घाट तैयार कराए जा रहे हैं, ताकि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ का दबाव कम हो सके। भूकटान वाले स्थानों पर अनहोनी की घटना की आशंका के मद्देनजर जेसीबी मशीनों के जरिए बैरिकेडिंग कराई जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहे। मुख्य स्नान घाट और मेला क्षेत्र समेत गंगा किनारे की निगरानी को कई जगह वाच टावर बनाए जा रहे हैं। अधिकारियों के कैंप कार्यालयों वाले स्थानों की टीन शेड से चाहरदीवारी कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ उसमें पड़ाव न डाल पाए। रिजर्व पुलिस लाइन के साथ ही संबंधित रास्तों पर अस्थाई सड़क तैयार कराई जा रही हैं। सदर बाजार और उससे जुड़े लाठी बाजार, मीना बाजार का स्थान तय होने पर कच्ची सड़कों समेत अन्य सभी जरूरी तैयारी प्रारंभ कर दी गई हैं। मेला स्थल से करीब एक किलोमीटर दूरी पर लगने वाले देश के प्रसिद्ध अश्वीय मेले में भी व्यापारियों समेत पशु पालकों की सुविधा से जुड़ीं सभी व्यवस्था कराई जानी हैं। डीएम ने कहा कि दिवाली से पहले सभी तैयारी पूरी कर ली जाएं। ताकि भैया दूज के उपरांत पड़ाव डालने आने वाले व्यापारिक प्रतिष्ठानों समेत श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान एएसपी विनीत भटनागर, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश तोमर, जिला पंचायत अध्यक्षा रेखा नागर, क्षेत्रीय विधायक हरेंद्र सिंह तेवतिया, सीडीओ हिमांशु गौतम, सीओ स्तुति सिंह, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी शिशुपाल शर्मा, पालिका चेयरमैन राकेश बजरंगी, पूर्व सभासद सौरभ शर्मा समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।