हापुड़। मेरठ रोड तिराहा पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर गंदगी देखकर कांग्रेसी भड़क गए। नाराज कांग्रेसियों ने नगर पालिका में ईओ कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद ईओ अपने कार्यालय से बाहर निकले और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
कांग्रेस के नोएडा कोआर्डिनेटर नरेश कुमार भाटी ने बताया कि मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम के लिए गए थे। जहां माल्यार्पण भी करना था, लेकिन मौके पर गंदगी अधिक थी। इस पर कार्यकर्ताओं ने स्वयं प्रतिमा की साफ-सफाई की। उन्होंने कहा कि शहर में बाबा साहेब की प्रतिमा और आसपास के क्षेत्र में भी प्रतिदिन सफाई नहीं हो रही है। उन्होंने सभी महापुरुषों की प्रतिमा की प्रतिदिन सफाई कराने की मांग की। इस दौरान शहर अध्यक्ष इरफान अहमद, एजाज अहमद, पूरनमल आनंद, सरला देवी, गिरिराज सिंह, अफजाल आढ़ती, जस्सा सिंह, अब्दुल कलाम, गुलफाम कुरैशी, तारेश्वर त्यागी, आकाश त्यागी आदि मौजूद रहे।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा का कहना है कि शहर में प्रतिदिन सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ सफाई जाएगी। पूर्व में भी इस प्रकार के आदेश दिए जा चुके हैं। जिस कर्मचारी ने लापरवाही बरती है उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी।