पिलखुवा के खेड़ा गांव में चोरी के बाद बिखरा सामान।संवाद
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव खेड़ा में चारों ने बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी, जेवर और घड़ियां चोरी कर लीं। वारदात के वक्त परिवार के लोग बाहर गए हुए थे। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। चोरी की बढ़ती घटनाओं से इलाके में रहने वाले लोग दहशत में हैं।
लोगों ने इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की है। धौलाना निवासी रूबी कुमारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उनके पिता राजपाल सिंह किसी कार्य से बाहर रहते हैं। खेड़ा स्थित मकान कुछ दिन से बंद था, जबकि ऊपरी मंजिल पर रहने वाले किरायेदार भी अपने घर गए हुए थे। रविवार को पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार ने फोन कर मकान का दरवाजा खुला होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा तो वे हक्के-बक्के रह गए। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था।
घबराए हुए परिवार वालों ने घर में रखे सामान की जांच की तो उन्हें काफी सामान नदारद मिला। पीड़ित परिवार ने बताया कि चोर घर में रखे करीब 30 से 40 हजार रुपये की नकदी, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी सोने के टॉप्स, तीन से चार कलाई घड़ियां और अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गए। सभी सामान की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, चोरी की इस घटना से आसपास रहने वाले लोगों में भी डर का माहौल बना हुआ है।
लोगों ने पुलिस से इलाके में नियमित गश्त की मांग की है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले में सीओ अनीता चौहान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना के पर्दाफाश का प्रयास किया जाएगा। आसपास के इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। चोर को गिरफ्तार करने के साथ ही माल की बरामदगी भी की जाएगी।