शहर के विभिन्न इलाकों में बृहस्पतिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण ध्वस्त कराया। अफसरों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। पक्का चौराहे पर लगे होर्डिंग्स भी हटवा दिए गए। अतिक्रमण हटाने के दौरान चंडी रोड से कुछ दुकानदार ने दुकानें बंद कर गायब हो गए।
बृहस्पतिवार सुबह एसडीएम शमशाद हुसैन, सीओ विशाल यादव, पालिका के सहायक अभियंता एसके सक्सेना, प्राधिकरण के सहायक अभियंता अनुराग चौधरी, अवर अभियंता एलपी सिंह, रोहित पाठक, तेजपाल सिंह भी तीन जेसीबी और पालिका के कर्मचारियों के साथ पहुंचे।
पहले स्वर्ग आश्रम रोड पर नाले के ऊपर बने पक्के लेंटर, टीन शेडों को जेसीबी तुड़वा दिया। टीम पक्का बाग चौराहों पर पहुंची, जहां सड़कों पर लगे होर्डिंग्स को जेसीबी ने ध्वस्त कर दिया। चंडी रोड पर कई दुकानों के बाहर से अतिक्रमण को हटवाया और सामान को पालिका की टीम ने जब्त कर लिया।
यहां कुछ दुकानदार दुकान बंदकर इधर-उधर चले गए। चंडी रोड पर अभियान के चलते ही दुकानदारों में अफरातफरी मच गई थी। दुकानदारों ने दुकानों के बाहर रखे सामान को अंदर रख लिया। कुछ ही देर में संकरी सड़क चौड़ी हो गई। इसके बाद टीम ने गढ़ रोड पर तहसील चौपला पर अभियान चलाया।
दुकानों के बाहर रखे सामान को हटवा दिया। अवैध टैक्सी चालक अपनी गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गए। एसडीएम शमशाद हुसैन ने बताया कि अब स्थान पहले से नहीं बताया जाएगा, मौके पर ही अतिक्रमण हटाया जाएगा। एसडीएम शमशाद हुसैन नगर पालिका, प्राधिकरण और राजस्व विभाग के अफसरों को स्वर्ग आश्रम रोड का नक्शा तलब किया।