हापुड़। नगर के मोहल्ला भीमनगर में लंबे समय से लोग जलभराव की समस्या झेल रहे हैं। गलियों और मुख्य मार्ग पर पानी भरा हुआ है। हाल यह है कि सड़कें तालाब बन गई हैं। कुछ दिन पहले डीएम अभिषेक पांडेय के निरीक्षण के बावजूद जलभराव से राहत नहीं मिली है। स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।
जल निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण गढ़ रोड के मोहल्ला भीमनगर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से लोग जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। हाल यह है कि बिना बारिश के ही यह क्षेत्र जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। घरों के बाहर गलियों में पानी भरा हुआ है। ऐसे में लोग पैदल घरों से भी नहीं निकल पा रहे हैं। जिनके घर सड़क से नीचे हैं, उनके घरों में पानी जाने का खतरा बना हुआ है। गलियों में जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियां भी फैलने लगी हैं। बच्चे घरों में कैद होकर रह गए हैं। खेलने के लिए बच्चे गली में नहीं जा सकते और स्कूल जाने में भी असुविधा हो रही है।
-
डीएम कर चुके हैं निरीक्षण
महीनों से चली आ रही इस समस्या के कारण पिछले दिनों मोहल्ले के लोगों ने गढ़ रोड पर जाम लगाया था। अधिकारियों के समझाने के बाद लोग शांत हुए थे। अगले दिन डीएम अभिषेक पांडेय ने लोगों का दर्द समझते हुए मौके का निरीक्षण किया और खुद गंदे पानी से होकर गुजरे। उन्होंने अधिकारियों को समस्या के निस्तारण के आदेश दिए थे, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो सका है। डीएम के निर्देश पर पानी निकासी के लिए पंप भी बंद पड़ा है। एडीएम संदीप कुमार का कहना है कि समस्या को लेकर प्रशासन गंभीर है, समस्या के स्थाई निस्तारण के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है।