कुचेसर चौपला। कुचेसर रोड चौपला पर महात्मा गंगादास की स्मृति में आयोजित 54वें विशाल दंगल में सोमवार को पहलवानों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग के पहलवानों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। पुरुष वर्ग के 86 किलोग्राम भार वर्ग में 30 अंतरराष्ट्रीय पहलवानों सहित कुल 60 पहलवानों ने हिस्सा लिया। वहीं, महिला वर्ग में 20 अंतरराष्ट्रीय पहलवानों सहित कुल 30 महिला पहलवानों ने दमखम दिखाया।
पुरुष वर्ग में एशियन गोल्ड मेडलिस्ट और राष्ट्रीय चैंपियन पुष्पेंद्र दलाल, यश सहित कई नामी पहलवानों के बीच मुकाबले हुए। पहलवानों ने अपनी ताकत, तकनीक और अनुभव का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती दी। मुलायम पहलवान ने सुशील कुमार और अनिल मान को हराकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं, मानवेंद्र झज्जर ने कार्तिक और सोनू को चित कर मुकाबलों में बढ़त बनाई।
गुरु हनुमान अखाड़े के मयंक पहलवान और विजय अखाड़े के विशाल पहलवान के बीच भी कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें मयंक पहलवान ने विशाल को पराजित कर जीत दर्ज की। सत्यम एकेडमी के पहलवान शशांक ने गाजियाबाद के शिवम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। मुकाबलों के दौरान पहलवानों ने प्रतिद्वंद्वियों को मात देने के लिए अलग-अलग कुश्ती तकनीकों का इस्तेमाल किया।
निर्णायक मंडल में अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कोच गजेंद्र सिंह, पूजा राठी, देवेंद्र, सुभाष शर्मा, सतपाल यादव, प्रदीप, निखिल और अमित निर्णायक मंडल में शामिल रहे। दंगल में आज पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार और वर्ष 2025 में विश्व कप में स्वर्ण पदक जीतने वाली नूपुर श्योरान भी उपस्थित रहेंगी।
महिला पहलवानों ने भी दिखाया दम
दंगल के महिला वर्ग में भी कई चर्चित पहलवानों ने भाग लिया। इसमें ओलंपियन सोनम मलिक और एशियन मेडलिस्ट नेहा ने प्रतिभाग कर प्रतियोगिता का आकर्षण बढ़ाया। महिला वर्ग में 20 अंतरराष्ट्रीय पहलवानों सहित कुल 30 पहलवानों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। सोनीपत के कुलदीप एकेडमी की निशा और युद्धवीर अखाड़ा की विशु के बीच हुए दंगल में विशु विजयी रही। महिला पहलवानों के मुकाबलों को लेकर भी दर्शकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। दंगल में सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। इस दौरान आसपास से भारी संख्या में लोगों ने पहुंचकर दंगल का आनंद लिया।
इस मौके पर दंगल के संयोजक पवन वीर सिंह, अमित प्रधान, लखीराम नागर, प्रेम सिंह, प्रवीण शर्मा, अंकित भड़ाना और महेंद्र शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।