सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि जदीद चौकी प्रभारी अशोक कुमार व उनकी टीम ने शमशुद्दीन उर्फ रमजान निवासी लक्ष्मी डेयरी नाग पार्क मंगोलपुरी दिल्ली, राहुल उर्फ बकरा उर्फ पोला व संदीप निवासी डॉक्टर चौक पत्थर मार्केट हनुमान मंदिर के पास मंगोलपुरी दिल्ली और सूजल उर्फ लाखन निवासी गली नंबर एक ए ब्लॉक मंगोलपुरी दिल्ली को मुखबिर की सूचना पर रामपुर रोड स्थित वाटर प्लांट के सामने बने ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया।
बताया कि आरोपी ने पांच अप्रैल की देर रात नगर के मोहल्ला पीरबाउद्दीन निवासी वसीम मेवाती के मोहल्ला शिवगढ़ी स्थित फार्म हाउस से एक बकरी व तीन बकरे चोरी कर फरार हो गए थे। इससे पहले आरोपियों ने 25 फरवरी की देर रात थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव बनखंड़ा निवासी पप्पू के घेर से पांच बकरी व इनके तीन बच्चे चोरी कर लिए थे।
इसके बाद आरोपियों ने 28 मार्च की देर रात थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव मीरपुर माजरा निवासी राजीव के घेर से 10 बकरी चोरी कर फरार हो गए थे। सीओ ने बताया कि आरोपियों ने इनके अलावा जिला बुलंदशहर के थाना गुलावठी व थाना स्याना क्षेत्र, हरियाणा राज्य के जिला सोनीपत के थाना बाहलगढ़, थाना राई व थाना कुंडली एरिया क्षेत्र से बकरे चोरी करने की घटनाओं को भी स्वीकार किया है। आरोपी अंतरराज्यीय चोर हैं। ये अपनी कार से पहले रेकी करते थे और मौका पाकर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी कर रही है।