फुलड़ी में बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते सात वर्षीय मासूम अपाहिज हो गई। बिजली तार खींचने केदौरान खंभा टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर मासूम का पैर कट गया। अब विभाग के अफसर मुआवजा देकर मामले को रफा-दफा करने में जुटे हैं।
सिंभावली ब्लॉक के फुलड़ी गांव में राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत बुधवार को बिजली की लाइन खींची जा रही थी। तभी सड़क किनारे लगा सीमेंटेड खंभा टूटकर गिर गया।
इस बीच वहां से गुजर रही गांव के ही तसव्वर अली की सात वर्षीय बेटी अनम खंभे की चपेट में आ गई, जिससे उसका दाहिना पैर कटकर शरीर से अलग हो गया। बच्ची की चींख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े और उसे स्थानीय चिकित्सक के यहां ले गए, जहां से उसे हापुड़ के लिए रेफर कर दिया गया।
राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के अधिकारी ऋषभ कुमार का कहना है कि बच्ची के परिजनों को उपचार के लिए एक लाख रुपए की नगद राशि दी गई है। इसके अलावा भी बच्ची और उसके परिजनों की हरसंभव मदद की जाएगी।